छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

गणेश चतुर्थी पर दुर्ग में खूनी संघर्ष, तीन की मौत

नंदनी खुंदनी में डीजे पर नाचने को लेकर दो गुटों में भिड़ंत, चाकू और लाठियों से हमला, पुलिस ने 8 को किया गिरफ्तार

       दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गणेश चतुर्थी के दौरान दो गुटों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। घटना 6 सितंबर की रात को ग्राम नंदनी खुंदनी में पुराना शीतला मंदिर के पास हुई। यहां गणेश समिति के डीजे पर धन्नु यादव, करन यादव, वासु यादव, राजेश यादव और उनके अन्य साथियों ने नृत्य किया। शीतला पारा समिति ने इसका विरोध किया, जिससे धन्नु यादव और आकाश पटेल के बीच विवाद उत्पन्न हो गया।

       इस विवाद के बाद, दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। 7 सितंबर की शाम को वासु यादव ने आकाश पटेल को धमकी दी और शीतला मंदिर के पास बुलाया। वहां पहुंचने पर धन्नु यादव और उनके साथियों ने आकाश पर हमला कर दिया, जिसमें चाकू का भी इस्तेमाल किया गया। आकाश के समर्थन में 8-10 अन्य युवकों ने यादव मोहल्ले के लोगों की बुरी तरह पिटाई कर दी। इस संघर्ष में करन यादव, वासु यादव, और राजेश यादव की मौत हो गई। घायल आकाश पटेल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

       पुलिस ने मामले में आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया और मारपीट में शामिल धन्नु यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटना स्थल पर एसपी जितेंद्र शुक्ला और अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और गांववालों से पूछताछ की। शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद उन्हें मर्च्युरी में शिफ्ट कर दिया गया। इस घटनाक्रम ने दुर्ग पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *