झारखंड-बिहारराज्य

झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी, प्रभावित जिलों के लोगों को सतर्क रहने की अपील

रांची

रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, बोकारो, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद और गिरिडीह जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी बाबूराज पी.पी. ने कहा, ‘‘सोमवार 15 जिलों के लिए और मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 12 जिलों के लिए भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त
अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिन से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कें जलमग्न हो गई हैं, कई घरों और पुलों को नुकसान पहुंचा है, तथा कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान वर्षाजनित घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि खेतों में फसलों और पशुधन को भी भारी नुकसान हुआ है।

राज्य की प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर
राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुवर्णरेखा, खरकई, बराकर और दामोदर सहित प्रमुख नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। सोमवार को ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों के पास, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है जिसके कारण बारिश का सिलसिला 29 अगस्त तक जारी रह सकता है।'' अधिकारी ने बताया कि झारखंड में एक जून से 23 अगस्त के बीच 927.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 738.3 मिलीमीटर की तुलना में 32 प्रतिशत अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *